प्रापर्टी डीलर की गाड़ी का शीशा तोड़कर 2.25 लाख रुपये चुराए
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड पर एचपीडीए कार्यालय के सामने से चोरों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर पैसों से भरा बैग चोरी कर लिया। बैग में 2.25 लाख रुपये, चैक बुक समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। दिनदहाड़े चोरी हो गई और घटना स्थल के करीब खड़े सुरक्षा कर्मियों को भनक तक नहीं लग सकी। सीओ ने पुलिस बल समेत घटना स्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला इंद्रलोक कॉलोनी निवासी भाजपा नेता हर्षदीप त्यागी के पिता हेमराज त्यागी प्रापर्टी डीलर हैं। बृहस्पतिवार दोपहर हेमराज त्यागी अपनी कार में सवार होकर किसी काम से एचपीडीए कार्यालय में गए थे। कार में मौजूद बैग में 2.25 लाख रुपये, बैंक चैक बुक और अन्य दस्तावेज रखे थे। कार को एचपीडीए कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने खड़ी कर वह अंदर चले गए। इसी बीच अपाचे बाइक पर सवार होकर आए दो चोरों में एक ने गाड़ी के शीशे को तोड़ दिया और अंदर रखे नोटों से भरे बैग को चोरी कर लिया। बड़े इतमिनान से चोर फरार भी हो गए। यह हाल तब था जब एचपीडीए के गेट पर सिक्योरिटी गार्ड, पुलिस कर्मी मौजूद रहते हैं। 112 डायल गाड़ी भी आस पास ही खड़ी होती है। वारदात को अंजाम देते वक्त चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। मामले की जानकारी पर सीओ सिटी वैभव पांडेय और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल की छानबीन कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। लोगों से पूछताछ के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।