पैसे देकर लगेगा बूस्टर डोज, 32 हजार लोगों को भेजा मेसेज
हापुड़। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल से 18 से 44 साल आयु वर्ग के करीब 32 हजार लोगों को तीसरा डोज लेने के संबंध में मेसेज आया है। लेकिन सरकारी अस्पतालों में यह सुविधा बंद होने से लोग भटक रहे हैं। शासन से निजी अस्पतालों को 150 रुपये में डोज देने के आदेश हैं, लेकिन हापुड़ के किसी निजी अस्पताल ने अभी तक वैक्सीन तो दूर विभाग में आवेदन तक नहीं किया है।
जिले में 18 से 44 साल आयु वर्ग की जनसंख्या करीब 9.54 लाख है। इस वर्ग की शत प्रतिशत आबादी को पहला टीका लग चुका है, 85 प्रतिशत से अधिक को दूसरा डोज भी लग गया है। 32 हजार से अधिक लोग ऐसे हैं, जिन्हें दूसरा डोज लिए 9 महीने से अधिक समय हो गया है।
पोर्टल से मोबाइल फोन पर संदेश मिलने के बाद ये लोग सरकारी अस्पतालों पर जाते हैं। लेकिन वहां तैनात टीमें निजी अस्पतालों में जाकर तीसरा डोज लगवाने की सलाह देती हैं। ऐसे ही हजारों लोग इधर से उधर चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें बूस्टर डोज नहीं लग पा रहे हैं। हापुड़ के निजी अस्पतालों के लचर रवैया से यह परेशानी बड़ी हो रही है।
दिलचस्प बात यह है कि शासन से इस तरह के आदेश हुए करीब एक महीना बीत गया है। लेकिन निजी अस्पतालों में टीकाकरण शुरू नहीं हो सका है, जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
निजी अस्पतालों को लगाने हैं तीसरा डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ संजीव कुमार ने बताया कि शासन ने 18 से 44 साल आयु वर्ग को तीसरा डोज लगाने के लिए निजी अस्पतालों को आदेशित किया है। 150 रुपये/डोज के हिसाब से टीकाकरण होना है। इस संबंध में अस्पतालों से पत्राचार किया जा रहा है।