कुराना टोल पर मारपीट मामले में टोल संचालक ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एनएच-334 स्थित कुराना टोल प्लाजा पर दिल्ली निवासी कार सवार युवक द्वारा मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में टोल संचालक की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
दिल्ली के सुभाष विहार निवासी जहीन चौहान 17 अप्रैल को कार में सवार होकर जनपद बुलंदशहर के गुलावठी जा रहे था। टोल टैक्स पर उसका विवाद टोल कर्मियों के साथ हुआ था। आरोप था कि टोल कर्मियों ने कार चालक के साथ मारपीट की है। युवक की कार के शीशे को घूंसा मार कर भी तोड़ दिया था। जहीर ने 20-25 टोल कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आठ दिन बाद मामले में नया मोड़ आया है। टोल संचालक कुणाल चौधरी ने थाने में तहरीर में बताया कि 17 अप्रैल को जहीन चौहान पक्ष के जहीर, अकिल, दिलशाद, शकील, आमिर और 20 अज्ञात लोग टोल प्लाजा पर पहुंचे थे। जिन्होंने टोलकर्मियों के साथ मारपीट की थी। इतना ही नहीं आरोपियों ने तोड़फोड़ भी की थी। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह का कहना है कि टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर कुछ लोग तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। जिसके आधार पर पांच नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।