ईंट भट्ठा संचालक से 1.58 लाख रुपये हड़पे
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई निवासी ईंट भट्ठा संचालक खुशी मोहम्मद से एक व्यक्ति ने 1.58 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये मांगने पर आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
साबिर ने बताया कि उसके भाई खुशी मोहम्मद ईंट भट्ठा चलाता है। कुछ दिन पहले भाई ने भट्ठे पर मजदूर लाने के लिए गांव निवासी ठेकेदार कलाम को 1.58 लाख रुपये दिए थे। रुपये लेने के बाद उसने मजदूरों का प्रबंध नहीं किया। 15 अप्रैल को सख्ती के साथ तकादा किया। जिस पर कलाम ने अपने पक्ष के तालिब, अब्दुल सलाम और अज्ञात महिला के साथ मिलकर खुशी मोहम्मद पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसमें खुशी मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गया। देहात पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।