कुराना टोल पर बुलंदशहर जिपं अध्यक्ष की कार रोकने पर हंगामा
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के कुराना टोल प्लाजा पर बुलंदशहर की जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ टोल पर तैनात कर्मचारियों का विवाद हो गया। समर्थकों और टोल कर्मियों ने एक दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगाया। जिसके बाद हाफिजपुर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।
जनपद बुलंदशहर के गुलावठी निवासी डॉ. अंतुल तेवतिया जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। बृहस्पतिवार शाम वह एनएच 334 से होते हुए बुलंदशहर लौट रही थीं। हाफिजपुर क्षेत्र के कुराना टोल प्लाजा पर टोल क र्मियों ने उनकी कार को रोक लिया। टोल टैक्स को लेकर यहां कर्मचारियों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि टोल कर्मियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष और उनकी कार के चालक से अभद्रता कर दी। सूचना पर उनके समर्थक मौके पर पहुंच गए। समर्थकों के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष थाने पहुंची और यहां भी काफी हंगामा हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष ने टोल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं टोल कर्मियों ने भी समर्थकों पर अभद्रता का आरोप लगाया है।
सीओ तेजवीर सिंह ने बताया कि टोल कर्मियों द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष से अभद्रता की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके बाद टोल पर लगे कैमरों की जांच कराई जा रही है। टोल प्लाजा पर एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।