अस्पताल में साझेदारों ने हड़पे 11.69 लाख
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला स्वर्ग आश्रम रोड निवासी नितिन वर्मा से कुछ लोगों ने अमानत में खयानत कर 11.69 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये लौटाने की बात पर आरोपियों ने हत्या की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नितिन वर्मा ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले रविदत्त से उसकी अच्छी जान-पहचान है। रविदत्त ने उसे बताया कि त्यागी नगर निवासी विनीत कुमार, जनपद गाजियाबाद के राजनगर क्षेत्र निवासी अजय कुमार, गोविंदपुरम निवासी नेहा कपूर और गौतमबुद्ध नगर के एलडिको कालोनी निवासी गिरिश कुमार के साथ साझेदारी में ग्लोबल हॉस्पिटल शुरू किया है। अस्पताल गौतबुद्धनगर के एफएनजी रोड बहलोलपुर सेक्टर-65 में है। अस्पताल में मेडिकल स्टोर खुलवाना है। रविदत्त के कहने पर एक नवंबर 2018 को पीड़ित ने अस्पताल में मेडिकल स्टोर खोला था।
इसके लिए उसने आठ लाख रुपये दिए थे। अस्पताल का संचालन उचित ढंग से न होने पर पीड़ित ने मेडिकल स्टोर बंद करने का फैसला किया। नियमानुसार 90 दिन पूर्व नोटिस भेजकर पीड़ित ने मेडिकल स्टोर बंद करने की सूचना उक्त लोगों को दी थी लेकिन, आरोपियों ने सांठ-गांठ कर अस्पताल पर ताला लगा दिया। इस कारण मेडिकल स्टोर में रखी दवाइयां भी एक्सपायर हो गईं। रुपये मांगने पर आरोपियों ने धमकी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।