फर्जी डिमांड ड्राफ्ट देकर ले लिया 3.67 लाख का माल
हापुड़। फर्जी बैंक डिमांड ड्राफ्ट देकर नगर के मोहल्ला जवाहर गंज निवासी एक व्यापारी से कुछ लोगों ने करीब 3.67 लाख रुपये की कीमत का कॉपर वायर का माल ले लिया।
शांतनु सिंघल ने बताया कि 15 मार्च को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से फोन काल आया। काल पर बात करते रहे व्यक्ति ने अपना नाम जनपद मथुरा निवासी नरेश गुप्ता बताया। इस व्यक्ति ने कॅापर वायर खरीदने की बाद की। इसके बाद उसने माल का आर्डर लिखवाया और बिल व्हाट्स-एप पर भेजने को कहा। 16 मार्च 2022 को आरोपी का चालक गाड़ी लेकर पीड़ित के कार्यालय पर पहुंचा। चालक ने माल की बावत 3.67 लाख रुपये बैंक का डिमांड ड्राफ्ट उसे दे दिया और माल लेकर चला गया। पीड़ित ने डिमांड ड्राफ्ट को अपने बैंक में जमा कर दिया।
22 मार्च को बैंक अधिकारियों से जानकारी मिली कि डिमांड ड्राफ्ट फर्जी है। जिसके बाद उसने नरेश गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन मोबाइल नंबर बंद आने के कारण संपर्क नहीं हो सका। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि मथुरा निवासी नरेश गुप्ता, उमेश और जिस बैंक से डिमांड ड्राफ्ट तैयार कराया गया था उस बैंक के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में जांच शुरू कर दी है।