आसमान में छाए बादल, आज आंधी और बूंदाबांदी की आशंका
कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से मंगलवार को लोगों का राहत मिली है। दिन में लू के थपेड़े और शाम को अचानक आसमान में बादल छा गए, हवाएं चलने से तापमान भी दो डिग्री सेल्सियस घटकर 40 तक पहुंच गया। आने वाले दिनों में तापमान में कुछ हद तक गिरावट आएगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को आंधी और बूंदाबांदी की आशंका है।
लगातार कई दिनों से सूर्य देव के तल्ख तेवर थे। दिन निकलते ही आसमान से आग बरसने लगती थी। मंगलवार को भी धूप तेज रही और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। मगर शाम के समय चार बजे के बाद आसमान में काले बादल छाने से मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को राहत मिली। आसमान में बादल घूमते रहे मगर बारिश नहीं हुई। जिसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट हुई और 40 डिग्री दर्ज किया गया। बताया गया कि कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट घोषित किया गया है, तो आंधी-बारिश बताई गई है। ऐसे में जिले में आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और तापमान में भी गिरावट आएगी। आंधी आने की आशंका भी जताई जा रही है।
----
किसानों की बढ़ी चिंता
मौसम के मिजाज को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई। जिले में इस समय गेहूं की फसल तैयार है और खेतों में कटाई चल रही है। यदि बारिश आई तो किसानों की पकी-पकाई फसल का नाश हो जाएगा जबकि आंधी से फसल गिर जाएगी। ऐसे में किसान मौसम के मिजाज को लेकर काफी परेशान दिख रहे हैं।
----
आने वाले दिनों का तापमान
बुधवार --- 40
बृहस्पतिवार --39
शुक्रवार ---40
शनिवार ---40
रविवार ---41