महिला की मौत के बाद थाने पहुंचे परिजन
- फोटो : HAPUR
महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पिलखुवा। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को महिला का शव फंदे पर लटका मिला था। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर हंगामा किया।
मृतका के पिता बलराम निवासी संजयपुरी ग्राम बेगमाबाद ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पुत्री सरिता की शादी 13 मार्च 2008 को घास मंडी निवासी घनश्याम के साथ हुई थी। दस लाख से अधिक का दहेज दिया गया था। इसके बाद भी पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। वर्तमान में ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये नहीं देने पर सरिता को जान से मारने की धमकी दी गई थी। आरोप है कि सोमवार को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेटी की फंदा लगाकर हत्या कर दी।
मंगलवार सुबह महिला की मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या महिलाएं और ग्रामीण पिलखुवा थाने पहुंचे। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ तेजवीर सिंह थाने में पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक का फाइल फोटो- फोटो : HAPUR