तीन की मौत पर मुख्यमंत्री कार्यालय से ट्वीट कर जताया शोक
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत किठौर रोड पर गांव सरावनी के पास दो कारों की आमने सामने की टक्कर में वृद्ध दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना पर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर दुख जताया है।
रविवार देर रात गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम डबारसी निवासी जहीर परिवार के साथ कार से मेरठ जनपद के किठौर में एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए जा रहे थे। किठौर से मात्र चार पांच किलोमीटर पहले उनकी कार जैसे ही गांव मुदाफरा और सरावनी के बीच पहुंची तो सामने से आ रही एक अन्य कार से आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें कार सवार ग्राम डबारसी निवासी जहीर (60), उनकी पत्नी नन्हीं(57) और जहीर की पुत्रवधु शाहिना पत्नी मुबारिक (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीनों की मौत हो गई। दुर्घटना के वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मृतकों की कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। जबकि मुबारिक उनकी पुत्री शहजादी और पुत्र आहान घायल हो गए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर मची चीख पुकार
मौके पर एकत्र हुए राहगीरों के अनुसार दोनों कारों के लोग शादी समारोह में ही जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चींख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही किठौर से भी रिश्तेदार पहुंच गए और राहत पहुंचाने में जुट गए। बताया जाता है जिस कार से टक्कर हुई, उस कार के लोग भी घायल हुए हैं, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं लीगी। मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर दुख जताया गया है। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि दुघर्टना के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। फिलहाल मृतक पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।