जिले में 688 स्थानों पर होगा होलिका दहन, पुलिस सतर्क
हापुड़। जिले में 688 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इनमें से 30 से अधिक स्थानों को अति संवेदनशील श्रेणी में रका गया है। इस बार होली और शब-ए-बारात एक ही दिन होने से पुलिस द्वारा कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती के साथ निपटेगी।
होली का त्योहार शुक्रवार के दिन है। इस दिन जुमे की नमाज होने के साथ ही शब-ए-बरात भी है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए रणनीति बनाई है। इसके तहत संवेदनशील होलिका दहन स्थलों पर भी अतिरिक्त पुलिस की तैनाती किए जाएंगे साथ ही पुलिस गश्त को भी बढ़ाया जाएगा। बाजारों से लेकर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस द्वारा पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी। खासकर मिलीजुली आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरती जाएगी।
30 से अधिक होलिका दहन स्थलों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी थानों में पर्याप्त पुलिस फोर्स रहेगी।
सादी वर्दी में तैनात रहेगी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से जिले के मुख्य स्थलों पर सादी वर्दी में पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी नजर
सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हाल ही में मतगणना संपन्न हुई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।