बेसिक शिक्षा विभाग के 40 शिक्षकों की छुट्टियां रद्द
हापुड़। बेसिक शिक्षा विभाग के अवकाश संबंधी पोर्टल को हैक कर करीब 40 शिक्षकों की छुट्टी स्वीकृत करने के मामले में बीएसए ने सभी की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। सभी शिक्षकों को स्कूल लौटने के आदेश दिए हैं। तकनीकी टीम पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है, कुछ कर्मचारियों पर मिलीभगत की आशंका है।
कोरोना महामारी के चलते स्कूल करीब डेढ़ महीने बंद रहे, इसके बाद चुनाव प्रक्रिया भी शुरू हुई। ऐसे में शिक्षकों के अवकाश पर भी रोक लगाई गई थी। अवकाश स्वीकृति के लिए पोर्टल बनाया गया है, जिस पर बीएसए की अंतिम संस्तुति होने पर ही अवकाश मान्य होता है। पोर्टल पर करीब 40 शिक्षकों की अर्जियां आई हुई थी।
बीएसए ने इनमें किसी को स्वीकृति नहीं दी, लेकिन अचानक ही सभी शिक्षकों की छुट्टियां स्वीकृत हो जाने का संदेश बीएसए को मिला। बता दें कि इस पोर्टल का पासवर्ड गोपनीय होता है, साथ ही ओटीपी सिस्टम भी होता है। ऐसे में बिना जानकारों की अनुमति पर पोर्टल को खोलना भी मुश्किल है। अधिकारी तकनीकी खराबी बता रहे हैं, लेकिन चर्चा पासवर्ड चोरी होने की भी है। बहरहाल, बीएसए ने सभी शिक्षकों की छुट्टियों को रद्द कर दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता ने बताया कि पोर्टल पर तकनीकी खराबी से जो छुट्टियां स्वीकृत हो गई थी। उन्हें निरस्त कर दिया गया है, आदेश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई होगी।