पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि देते एसपी संवाद
- फोटो : HAPUR
चुनाव ड्यूटी पर गए दरोगा की ब्रेन हैमरेज से मौत
हापुड़। जनपद में तैनात एक दारोगा की हरदोई में चुनाव ड्यूटी के दौरान ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उनके शव को पुलिस लाइन लाया गया। जहां एसपी, एएसपी और सीओ समेत अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
पुलिस लाइन में तैनात राममेहर सिंह मूल रूप से जनपद बागपत के बिजरौली के रहने वाले थे। वर्ष 1984 में बतौर सिपाही के रूप में वे उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह जनपद पुलिस में एसआई (एपी) के पद पर तैनात थे। चुनाव ड्यूटी के लिए 12 फरवरी को वे जनपद रामपुर गए थे। इसके बाद जनपद फिरोजाबाद में मतदान संपन्न कराया। फिलहाल वे मतदान कराने के लिए जनपद हरदोई में ड्यूटी कर रहे थे। ड्यूटी के दौरान बुधवार सुबह उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया। जिसके चलते इन्हें हरदोई के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल के रेफर कर दिया था। शाम पांच बजे उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद लखनऊ से पार्थिव शव को बृहस्पतिवार सुबह पुलिस लाइन लाया गया। गार्ड आफ आनर के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एसपी दीपक भूकर, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी वैभव पांडेय, सीओ पिलखुवा तेजवीर सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।