खाद्य प्रसंस्करण पर मिलेगा एक लाख का अनुदान
हापुड़। राजकीय फल संरक्षण केंद्र देहात अंचल के बेरोजगार को आत्मनिर्भर बनाएगा। इसके लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण अच्छेजा में शुरू हो गया है। प्रशिक्षण में फल, सब्जियों से खाद्य उत्पाद बनाने के टिप्स दिए जाएंगे। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाने पर एक लाख का अनुदान भी मुहैया कराया जाएगा।
रोजगार के लिए गांवों से लोग शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं। न्यूनतम मानदेय पर ही फैक्ट्रियों में काम करना पड़ता है। ऐसे युवा खाद्य प्रसंस्करण की छोटी इकाई लगाकर स्वयं रोजगार पा सकते हैं, साथ ही अन्य युवाओं को भी इस कारोबार से जोड़ सकते हैं। विभाग द्वारा गांव अच्छेजा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया गया है।
विभाग प्रभारी धर्मेंद्र पाल राठी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति के अंतर्गत महात्मा गांधी खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। इसमें युवाओं को सॉस, कैचप, फ्रूट जूस, कैंडी, पेठा, मुरब्बा, जैम, अचार, आलू चिप्स बनाने के टिप्स दिए गए।
उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना पर विभाग पात्रों को एक लाख रुपये का अनुदान मुहैया कराएगा। युवा फल, सब्जी से उत्पाद बनाकर इसकी बिक्री से लाभ कमा सकेंगे। ग्राम प्रधान अंशु देवी ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया।