भाकियू ने गन्ना भुगतान के लिए घेरा कलक्ट्रेट
हापुड़। गन्ना भुगतान की समस्या को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। चीनी मिलों के अधिकारियों को तलब कर किसानों के साथ बैठक करा कर जल्द भुगतान कराने की मांग उठाई। साथ ही बेमौसम बारिश से बर्बाद फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की।
भाकियू के राष्ट्रीय सचिव कुशलपाल आर्य ने कहा कि आस पास के जिलों के चीनी मिल किसानों का साथ साथ गन्ना भुगतान कर रहे हैं। लेकिन हापुड़ की मिल किसानों का एक साल तक का भुगतान अटकाकर चल रही हैं, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों चीनी मिलों के अधिकारियों को बुलाकर डीएम अपनी मध्यस्थता में ब्याज समेत भुगतान कराएं।
मंडल महासचिव ज्ञानेश्वर त्यागी ने कहा कि आलू किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने की व्यवस्था करायी जाए। शीतगृत किसान से उस समय तक का ही किराया वसूलें, जब तक आलू रखा जाता है। मिल पूरे साल का किराया वसूलते हैं, भले ही किसान दस दिन आलू रखें।
प्रदेश सचिव रामपाल सिंह ने कहा कि बिजली निगम के अधिकारी गलत बिल जारी कर, उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रहे हैं। नलकूप बिल घोटाले के मामले का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। दोषियों पर कार्रवाई कर, किसानों को निजात दिलायी जाए। नहर में तीन महीने से पानी नहीं आने के कारण फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। जल्द पानी छोड़ने की व्यवस्था करायी जाए।
इन मांगों के निस्तारण को लेकर किसानों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर टेनपाल सिंह, यशवीर सिंह, अनुज, कमल सिंह, महेंद्र चौहान, अमरेंद्र सिंह, सचिन त्यागी, बलराम सिंह, अंकुश सिंह, तरूण सिंह, मनवीर सिंह, आवेश सिंह, धर्मवीर त्यागी, विपिन त्यागी, राजीव त्यागी, हरेंद्र चौहान, अमित त्यागी, कुलदीप त्यागी, अशोक त्यागी, ललित शर्मा, मनिंदर सिंह, अमित त्यागी, साहिब अली, मोहित त्यागी आदि मौजूद रहे।