शामली के प्राचार्य की लगा दी चुनाव में ड्यूटी
हापुड़। विधानसभा चुनाव को संपन्न कराने के लिए निर्वाचन द्वारा कॉलेजों के प्रोफेसर की ड्यूटी भी लगाई गई है। एसएसवी पीजी कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता और हाल में शामली के वीवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधीर कुमार की भी इसमें ड्यूटी लग गई है। प्रार्थना पत्र देकर वह खुद के प्राचार्य बनने की जानकारी दे चुके हैं, लेकिन ड्यूटी से नाम नहीं कट सका।
डॉ सुधीर कुमार ने बताया कि 12 नवंबर 2021 को शामली के वीवी कॉलेज में प्राचार्य पद का दायित्व संभाला था, तभी से कॉलेज की व्यवस्थाओं को देख रहा हूं। लेकिन हापुड़ निर्वाचन में उनकी भी ड्यूटी लगी है। इस संबंध में पहले ही प्रार्थना पत्र दे चुका हूं, कॉलेज की ओर से भी इस संबंध में जिला प्रशासन को पत्र लिखा जा चुका है। आए दिन जिला प्रशासन की ओर से ट्रेनिंग में अनुपस्थित रहने को लेकर आने वाले फोन से डॉ सुधीर काफी परेशान हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब ट्रेनिंग में अनुपस्थित रहने पर उन्हें रिपोर्ट दर्ज करने की भी चेतावनी दी गई है। पीड़ित ने बताया कि जब वह शामली में कार्यरत हैं तो हापुड़ में चुनाव ड्यूटी कैसे दे सकते हैं।
एडीएम श्रद्धा शांडिल्लयान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, प्राचार्य अपना नियुक्ति पत्र, प्रार्थना पत्र संलग्न कर सीडीओ कार्यालय में दे सकते हैं। उनकी समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।