बैंक में नौकरी का झांसा देकर युवक से साढ़े तीन लाख ठगे
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी निवासी व्यक्ति ने बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा देकर वाराणसी निवासी युवक से 3.50 लाख रुपये ठग लिए। पहले तो आरोपी रुपये वापस देने के लिए झांसा देता रहा, लेकिन बाद में धमकी देने लगा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जनपद वाराणसी क्षेत्र के जगतगंज निवासी शुभम पांडेय ने बताया कि वर्ष 2019 में वह एक कपंनी में इंजीनियर के रूप में कार्य करता था। कंपनी में हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी निवासी ताज मोहम्मद ठेकेदार था। साथ काम करने के दौरान दोनों में दोस्ती हो गई। शुभम ने बताया कि ताज मोहम्मद ने उसकी नौकरी बैंक में लगवाने का झांसा दिया। नौकरी लगवाने की एवज में उससे 3.50 लाख रुपये ले लिए। यह रकम उसने बैंक में आरटीजीएस के माध्यम से डाली थी।
लेकिन रुपये देने के बाद भी पीड़ित की नौकरी नहीं लग सकी। इस पर पीड़ित ने उससे रुपये लौटाने की मांग की। रुपये लौटाने से इंकार करते हुए आरोपी ने उसकी हत्या की धमकी दी। मामले में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।