रामपुर रोड पर चल रहा पशुओं का अवैध कटान पकड़ा
हापुड़। कोतवाली पुलिस ने रामपुर रोड पर एक मकान में अवैध रूप से पशुओं का कटान पकड़ा है। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली कि रामपुर रोड पर एक मकान के अंदर अवैध रूप से पशुओं का कटान हो रहा है। कटान की सूचना के बाद कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोमबीर सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से फहीम निवासी अली नगर हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी बिलाल निवासी अलीनगर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पशुओं का मांस, कटान करने के उपकरण बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि घर में काफी समय से पशुओं का अवैध कटान किया जा रहा था। पशुओं का कटान करने के बाद आरोपी मांस को बाजार में दुकानों पर बेच देते थे और काफी समय से मुनाफा कमा रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस क्षेत्र में चल रहे ऐसे अन्य ठिकानों की तलाश भी कर रही है। सभी ऐसे अवैध ठिकाने संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।