तीसरी लहर में 1493 मरीजों ने दी कोरोना को मात
हापुड़। कोरोना की तीसरी लहर में 1493 मरीज संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो गए हैं, इनमें 98 प्रतिशत मरीज घरों में आइसोलेट रहकर ही स्वस्थ हुए हैं। सिर्फ दो प्रतिशत मरीजों को ही अस्पताल जाने की जरूरत पड़ी है, अस्पताल में अब 11 मरीज भर्ती हैं। इस लहर में अब तक तीन मौत हुई है।
पहली लहर में 70 प्रतिशत मरीजों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। दूसरी लहर में संक्रमित मरीजों की संख्या बेहद अधिक होने के कारण गंभीर रोगियों को ही अस्पताल में भर्ती कराया। इस लहर में सबसे अधिक लोगों को जान गवानी पड़ी थी। अब 28 दिसंबर से जिले में तीसरी लहर चल रही है, केस भी लगातार बढ़ रहे हैं। लेकिन संक्रमण का असर कम होने के कारण लोग आसानी से स्वस्थ हो रहे हैं।
तीसरी लहर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक करीब 77 हजार लोगों की जांच आरटीपीसीआर, एंटीजन और ट्रूनेट मशीन से करायी है। इसमें कुल 2191 मरीज कोरोना संक्रमित मिले हैं। राहत की बात यह है कि इस लहर में करीब 68 प्रतिशत (1493) मरीज स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें पोस्ट कोविड जैसी समस्या भी नहीं सता रही है।
पहले से बीमार चल रहे मरीजों को जाना पड़ रहा अस्पताल
जिले में वर्तमान में 11 मरीज अस्पताल में उपचार पा रहे हैं, ये मरीज पहले से ही शुगर, फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित हैं, जिन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हालांकि सभी की हालत सामान्य बतायी जा रही है।
तीसरी लहर में जान गवाने वाले तीनों मरीज थे बुजुर्ग
तीसरी लहर में कोरोना से अब तक तीन मौत हुई हैं, इनमें दो 80 साल के और एक 62 साल की बुजुर्ग शामिल हैं। तीनों पुरानी बीमारियों से भी ग्रसित बताए जा रहे हैं।
तीसरी लहर में संक्रमण, जांच और मौत की स्थिति
कुल जांच---76640
कुल मरीज---2191
स्वस्थ मरीज--1493
सक्रिय मरीज---698