भाजपा और बसपा से चार प्रत्याशियों समेत आठ ने किया नामांकन
हापुड़। विधानसभा चुनाव 2022 के नामांकन के छठे दिन कई दिग्गजों सहित कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन किया। कई दिन से प्रत्याशियों का इंतजार कर रहे आरओ भी व्यस्त दिखाई दिए। बृहस्पतिवार को दो सीटों पर भाजपा, दो पर बसपा, एक पर कांग्रेस, दो पर स्वतंत्रता जनता राज पार्टी और एक पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया। ऐसे में कुल नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या 15 पहुंच गई है। शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन है और इस दिन बाकी बचे सभी प्रत्याशियों की ओर से नामांकन होगा।
बृहस्पतिवार को हापुड़ विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी विजयपाल आढ़ती और गढ़ सीट से भाजपा के हरेंद्र सिंह ने नामांकन किया। दोनों प्रत्याशियों के साथ जिलाध्यक्ष उमेश राणा व अन्य पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे थे। करीब 11.30 बजे हरेंद्र ने जबकि विजयपाल आढ़ती ने दोपहर करीब 12.40 बजे अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत, मीडिया प्रभारी सुयश वशिष्ठ भी उनके साथ मौजूद रहे।
हापुड़ से बसपा प्रत्याशी मनीष उर्फ मोनू और गढ़ से वासिद ने नामांकन दाखिल किया। मनीष कुमार करीब 12.15 बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। गढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आभा चौधरी ने करीब 2.50 बजे कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन किया।
इसके अलावा स्वतंत्रता जनता पार्टी से बृजेश कोरी, हापुड़ सीट से स्वतंत्र राज पार्टी के चंद्रपाल सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। धौलाना विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी प्रमोद कुमार ने भी अपना नामांकन किया।
इस दौरान डीएम अनुज सिंह, एसपी दीपक भूकर ने नामांकन कक्षों का निरीक्षण किया। कलक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्रोन के माध्यम से परिसर के अंदर बाहर नजर रखी गई। हालांकि इस बार प्रत्याशी भी पहले से अधिक नियमों का पालन कर रहे हैं। सभी के द्वारा सादगी के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया जा रहा है।
कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र जमा करते कांग्रेस प्रत्याशी आभा चौधरी संवाद- फोटो : HAPUR
कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र जमा करने जाते आप प्रत्याशी डॉ डॉ नरेंद्र सोलंकी संवाद- फोटो : HAPUR
कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र जमा करते भाजपा प्रत्याशी विजयपाल आढ़ती संवाद- फोटो : HAPUR
कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र जमा करते बसपा प्रत्याशी मनीष कुमार संवाद- फोटो : HAPUR
कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र जमा करते भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह संवाद- फोटो : HAPUR