जिले में दो दिन नहीं बनेंगे बिजली के बिल, मीटर रीडरों की हड़ताल
हापुड़। जिले में दो दिन तक बिजली के बिल नहीं बन सकेंगे। अधिकृत कंपनी पर पूरा मानदेय न देने व शोषण का आरोप लगा मीटर रीडरों ने हड़ताल का एलान कर दिया है। विरोध में डीएम कार्यालय पर सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। राहत नहीं मिलने पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारी मीटर रीडरों ने बताया कि कंपनी में साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद उनका चयन हुआ था। चयन के समय 15 हजार रुपये मानदेय देने का वादा किया गया था, इसमें कटौती के बाद 11700 रुपये खाते में आने थे। पहले महीने काम करने के बावजूद मानदेय नहीं मिला, इसके अगले भी यही समस्या रही। मानदेय मांगा गया तो महीने के अंत में किसी को चार हजार तो किसी को पांच हजार मानदेय दे दिया गया। इसका विरोध करने पर अनावश्यक दबाव बनाया गया। साथ ही अब कंपनी की ओर से बिल बनाने के साथ ही अपनी जेब से पैसा लगाकर रोजाना 250 से 300 लोगों के बिल भी जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। इससे कर्मचारी मानसिक रूप से परेशान हो चलें हैं। महंगाई के दौरान घर खर्च चलाना पहले ही मुश्किल हो रहा है, ऐसे में मानदेय नहीं मिलने से भी काफी परेशानी हो रही है। कंपनी की हठधर्मिता पर गुस्साए कर्मियों ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर, राहत नहीं मिलने पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का एलान किया है। फिलहाल मंगलवार को भी मीटर रीडर बिल नहीं बनाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में रोबिन सिंह, संतोष, कृष्ण शर्मा, अविनाश शर्मा, अनिल कुमार, जावेदन, सुमित, राजू, सुदीप आदि मौजूद रहे।