एक साल से हर समाधान दिवस में शिकायत, नहीं हुआ निस्तारण
हापुड़। संपूर्ण समाधान दिवस औपचारिकता दिवस बनता जा रहा है। छोटी-छोटी शिकायतों का निस्तारण अधिकारी नहीं करा पा रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गांव धनौरा निवासी एक बुजुर्ग किसान शिवराज त्यागी पिछले एक साल से लगातार संपूर्ण समाधान दिवसों में खतौनी की प्रविष्टि ठीक कराने की शिकायत करता आ रहा है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में 18 में से मात्र दो शिकायतों का ही निस्तारण हुआ। हालांकि डीएम अनुज सिंह ने बाकी शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है।
शिकायतों में मोहल्ला केशवनगर निवासी कैलाश चंद, ललित सिंह ने अवैध डेरियों को बंद कराने, गांव ददायरा निवासी ज्ञानी ने कब्जा हटाने के संबंध में, गांव नूरपुर निवासी बिजेंद्र ने सरकारी भूमि से कब्जा हटवाने, हरसिंहपुर निवासी विक्रम ने विद्युत बिल न मिलने, गांव दस्तोई निवासी सतीश ने राशन न मिलने, मोहल्ला देवलोक निवासी परमानंद त्यागी ने गड्ढे, सड़क व सफाई के संबंध में शिकायत की। इसके अलावा मोहल्ला मेरठ गेट निवासी सुदेश देवी ने राशन कार्ड होने के बावजूद राशन न देने की शिकायत की। डीएम ने दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया।
इस दौरान एसपी दीपक भूकर, सीडीओ उदय सिंह, एसडीएम दिग्विजय सिंह, डीआईओएस निशा अस्थाना, बीएसए अर्चना गुप्ता, डीएमओ सुमन गौतम उपस्थित रहे।