लूट का खुलासा नहीं होने पर गुड़ मंडी में व्यापारियों का हंगामा
हापुड़। शुक्रवार को हुई गुड़ व्यापारी से लूट के मामले में व्यापारियों द्वारा पुलिस को दिया गया अल्टीमेटम समाप्त हो गया। सोमवार को मंडी में एकत्र हुए व्यापारियों ने सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों को समझाते हुए जल्दी खुलासे का आश्वासन दिया। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद व्यापारी शांत हुए।
शुक्रवार सुबह पक्काबाग निवासी गुड़ व्यापारी गोविंद को गोली मारकर बाइक सवार दो बदमाश तीन लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। व्यापारियों में रोष जताते हुए रविवार तक खुलासे का अल्टीमेटम दिया गया था। सोमवार तक पुलिस ने मामले का खुलासा नहीं किया, जिसके बाद सुबह मंडी में संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित कुमार छावनी वाले, उपाध्यक्ष टुक्कीराम गर्ग, युवा मंडल के अध्यक्ष राजीव गर्ग, गुड़ मंडी समिति के प्रधान भोला, महामंत्री अमित गोयल, जगदीश प्रधान के साथ दर्जनों कार्यकर्ता एकत्र हो गए। इस दौरान व्यापारियों ने सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारियों ने गढ़ रोड पर जाम भी लगाने का प्रयास किया। सीओ एसएन वैभव पांडेय मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। सीओ ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ ठोस सुराग मिले हैं और पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही मामले का खुलासा का दिया जाएगा। जिसके बाद व्यापारी शांत हो गए।
---
पुलिस मामले में दिखाए गंभीरता
व्यापारियों के साथ हो रही घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले और इन मामलों की जांच सही ढंग से करे। व्यापारी यदि खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे तो व्यापार और विकास प्रभावित होगा।
- राजीव गर्ग, अध्यक्ष, युवा संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल।
---
बदमाशों में हो पुलिस का खौफ
बदमाशों में जब तक पुलिस का खौफ नहीं होगा, तब तक मामले में व्यापारियों के प्रति हो रही घटनाओं में रोक नहीं लगेगी। बदमाशों के खिलाफ पुलिस एक्शन मोड में आए तभी काम करेगा।
- टुक्कीराम गर्ग, उपाध्यक्ष, संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल।
--
गढ़ दिल्ली रोड पर लगेंगे कैमरे, बनेंगे सहायता बूथ
सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि मंडी आने जाने वाले व्यापारियों के साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना न हो, इसके लिए गढ़ दिल्ली रोड पर छह स्थानों पर कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा इस रोड पर जगह जगह पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए जाएंगे। ताकि आपात स्थित में व्यापारियों या आम लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।
गढ़ रोड पर बंद पड़ी गुड़ मंडी संवाद- फोटो : HAPUR
गुड़ मंडी में प्रदर्शन करते व्यापारी संवाद- फोटो : HAPUR