गढ़ में नड्डा की जनसभा आज, हाईवे -9 पर वन वे रहेगा ट्रैफिक
हापुड़। भाजपा की जन विश्वास यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले में करीब 75 किलोमीटर की यात्रा को एक सुपर जोन, दो जोन और सात सेक्टरों में बांटा गया है। जाम रोकने के लिए पुलिस यात्रा के हिसाब से रूट डायवर्ट करेगी। करीब तीन सौ पुलिसकर्मी और दो कंपनी पीएसी को तैनात किया गया है।
यात्रा मंगलवार को बुलंदशहर जिले की सीमा से हापुड़ के धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव सिरोंधन से करीब दो बजे प्रवेश करेगी। सुपर जोन के प्रभारी एसपी क्राइम गाजियाबाद रहेंगे। यात्रा डाहना, समाना रोड, धौलाना शहीद स्तंभ, कंदौली महाराणा प्रताप प्रतिमा, खेड़ा, पिलखुवा, निजामपुर, अंबेडकर चौक, तहसील चौपला, अतरपुरा चौपला, बाबूगढ़, उपैड़ा, सिंभावली, घोड़ा फार्म और यहां से बाद में ब्रजघाट पहुंचेगी। इसके बाद अमरोहा जिले के लिए गंगा पार करेगी। बीस से अधिक स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
जनसभा स्थल की सख्त रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
जनसभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। सीओ के अलावा दस निरीक्षक और छह दरोगाओं के अलावा एक कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। यात्रा के दौरान दो सीओ, सात थाना प्रभारी के अलावा एक कंपनी पीएसी साथ चलेगी। एक फायर ब्रिगेड भी इसके साथ चलेगी। हर चौराहे तिराहे पर पुलिस तैनात रहेगी।
जनसभा स्थल पर तीन स्थानों पर रहेगी पार्किंग
स्याना की ओर से आने वालों को स्याना बस अड्डे के पास पार्क किया जाएगा, मेरठ की ओर से आने वालों को रोडवेज बस अड्डे पर पार्क किया जाएगा। बदरखा मोड की ओर से आने वालों को रेलवे स्टेशन के पास पार्क किया जाएगा।
एनएच- 09 पर एक साइड को किया जाएगा ब्लॉक
धौलाना क्षेत्र में यात्रा के दौरान मसूरी से उस क्षेत्र में जाने वाले वाहनों को हापुड़ बाइपास होते हुए बुलंदशहर रोड से निकाला जाएगा। सपनावत नहर को पार करने के बाद वहां के ट्रैफिक को खोल दिया जाएगा। यहां मसूरी पिपलेड़ा से डायर्वजन शुरू कर दिया जाएगा। छिजारसी टोल के बाद यात्रा को पिलखुवा में एलिवेटिड रोड के नीचे से निकाला जाएगा। इसके बाद इसे सर्विस रोड से होते हुए हापुड़ लाया जाएगा। इस दौरान वाहनों को बाइपास से निकाला जाएगा। हापुड़ से निकाले जाने के बाद एनएच- 09 पर एक साइड को ब्लॉक कर दिया जाएगा, जबकि एक साइड पर वाहन चलेंगे।
जनसभा में हिस्सा लेंगे संगठन के कई पदाधिकारी
जन विश्वास यात्रा आने वाले चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसे देखते हुए संगठन के दिग्गजों का यहां जमावड़ा रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, संजीव बालियान, राज्यमंत्री विजयपाल तोमर यात्रा में शामिल होंगे।
गढ़ के घोड़ा फार्म में तैयार किया गया सभा स्थल।- फोटो : GARH