फार्मासिस्टों की दो घंटे की हड़ताल से दवा को तरसे मरीज
हापुड़। स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्टों की दो घंटे की हड़ताल से मरीज दवा के लिए तरस गए। काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लग गई। प्रशिक्षण को आए मेडिकल के छात्रों को काउंटर पर लगाया, लेकिन वह चिकित्सकों द्वारा लिखे बहुत से पर्चों की दवाएं ही नहीं समझ पाए। पेट दर्द, बुखार से तड़पते मरीजों को काफी परेशानी हुई।
प्रभार भत्ता, पदनाम परिवर्तन समेत अनेक मांगों को लेकर डिस्ट्रिक्ट फार्मासिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्ट बीते कई दिनों से सांकेतिक हड़ताल पर थे। लेकिन दवा बांटने का कार्य कर रहे थे। शनिवार सुबह अचानक ही फार्मासिस्टों ने दो घंटे के लिए कार्य का बहिष्कार कर दिया। लेकिन दोपहर तक भी फार्मासिस्ट काम पर नहीं लौटे। ऐसे में सीएचसी की ओपीडी में उपचार को पहुंचे करीब 800 मरीज दवा के लिए परेशान हो गए। दवा काउंटर के बाहर लंबी लाइन लग गई। हंगामा जैसा माहौल बना तो अस्पताल प्रबंधन ने प्रशिक्षकों को ही दवा वितरण पर लगा दिया। प्रशिक्षक स्टाफ ने दवाएं तो बांटी लेकिन कई पर्चों पर लिखी दवा उन्हें समझ तक नहीं आ सकीं।
फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 16 दिसंबर तक रोजाना दो घंटे तक हड़ताल रहेगी। यदि उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होता है तो 20 दिसंबर को संपूर्ण हड़ताल कर दी जाएगी। ऐसे में सरकारी अस्पताल में उपचार पाने वाले मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सुनिए मरीजों का दर्द-
दो घंटे से नहीं मिली दवा
चिकित्सक से उपचार कराने के लिए सुबह 9 बजे आई थी। लाइन में लगकर काफी देर बाद उपचार मिला। इसके बाद से दवा के लिए दो घंटे से इंतजार कर रहीं हूं। लेकिन दवा नहीं मिल सकी है। - सोनी-फोटो संख्या--06
प्रशिक्षकों ने दी दवा, पता नहीं सही है या गलत
दवा काउंटर पर प्रशिक्षक दवा बांट रहे थे, उन्होंने ही दवा दी है। पता नहीं पर्चे पर लिखी दवा ही उन्हें दी या कोई और दी है। फार्मासिस्टों की हड़ताल बताई जा रही है, काफी देर से इंतजार कर रही हूं।--रीना-फोटो संख्या--07
इलाज मिला पर दवाई नहीं
कई दिन से बीमार हूं, शनिवार को इलाज के लिए पहुंची। चिकित्सक ने उपचार के बाद पर्चे पर दवा लिख दी, लेकिन काउंटर पर दवा ही नहीं मिल सकी। पर्चे पर लिखी दवा स्टाफ को समझ नहीं आयी। -हर्षित-फोटो संख्या--08
दवा के लिए भट रहे मरीज
अस्पताल में बताया गया है कि फार्मासिस्टों की हड़ताल काफी दिनों तक चलेगी। ऐसे में मरीजों को दवा संबंधी परेशानी होगी। शनिवार को उपचार के करीब ढाई घंटे बाद दवा मिल सकी है।-दीपक,-फोटो संख्या--09
मरीजों को नहीं होगी परेशानी
फार्मासिस्टों की हड़ताल से मरीजों को परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। काउंटर पर तैनात कर्मियों को दवा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन को भी निर्देशित कर दिया है।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।