विदेश से आने वाले आठ दिन किए जाएंगे क्वारंटीन
हापुड़। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिले में विदेश से लौटने वाले सभी लोगों की आरटीपीसीआर जांच के साथ सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जाएगी। सभी को आठ दिन के लिए क्वांरंटीन किया जाएगा।
विशेषज्ञ पहले ही तीसरी लहर को लेकर अलर्ट कर चुके हैं। अब कोरोना के नए वैरिएंट ने खतरे की घंटी बजा दी है। बाजारों में बिना मास्क जा रहे लोगों को सतर्क हो जाना चाहिए। बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग में कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इस वैरियंट को खतरनाक बताया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने विदेशों से लोटने वाले लोगों की निगरानी करने और उनकी आरटीपीसीआर जांच के साथ वैरियंट की जांच का नमूना लेने के निर्देश दिए हैं।
आठ दिन बाद फिर होगी जांच
विदेशों से लौटने वाले लोगों की तत्काल जांच होगी। आठ दिन तक क्वारंटीन रहने के बाद फिर से उनकी आरअीपीसीआर जांच होगी। स्वस्थ पाए जाने पर ही घर जाने की अनुमति मिलेगी।
रैंडम जांच के आदेश
कोरोना के बढ़ते खतरे को लेकर सार्वजनिक स्थानों पर रैंडम जांच के आदेश दिए गए हैं। इसमें रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ऑटो स्टैंड और मुख्य तिराहों व चौराहों पर जांच कराई जाएगी। इसके लिए जल्द टीमें भी गठित होंगी।
एक मरीज एक्टिव
जिले में इन दिनों रोजाना करीब एक हजार लोगों की कोरोना जांच कराई जा रही है। गनीमत है कि पिछले तीन दिन में कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिला है। फिलहाल जिले में एक मरीज एक्टिव है, जिसका उपचार मेरठ में चल रहा है।