निजी अस्पतालों में भर्ती डेंगू के मरीजों के बिलों की होगी जांच
हापुड़। निजी अस्पतालों में डेंगू के उपचार के नाम पर जमकर लूट मचाई जा रही है। इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची है। विभाग की टीम अब औचक निरीक्षण कर मरीजों के बिलों का सत्यापन करेगी। इस संबंध में सीएमओ ने निर्देशित कर दिया है। गलत तरीके से बिल वसूलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
कोरोना महामारी में हापुड़ के कई निजी अस्पतालों ने इलाज के नाम पर मरीजों से लाखों रुपये वसूले थे। यह मामला शासन तक पहुंचा तो जिला प्रशासन ने बिलों की जांच के आदेश दिए। इसमें बिलों में गलती मिली थी। सख्त कार्रवाई की चेतावनी देने पर अस्पतालों ने बिल पर बढ़ी रकम को वापस कर दिया।
इस साल डेंगू का प्रकोप बना हुआ है। अब तक 230 से अधिक मरीज मिल चुके हैं। सरकारी अस्पतालों में भले ही कोई मरीज भर्ती न हो, लेकिन निजी अस्पतालों के वार्ड डेंगू के ही मरीजों से फुल थे। बेड नहीं होने की बात कहकर मरीजों से बिल के नाम पर मनमानी वसूली की गई। इस मामले में कई मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग में शिकायत की।
मामले की गंभीरता पर सीएमओ ने सर्विलांस टीम गठित कर दी है। यह टीम मरीजों से फीडबैक लेंगी और बिलों की जांच करेंगी। इसमें गलत तरीके से बिल वसूलने की सत्यता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गलत बिल न बनाएं अस्पताल
मरीजों से कोई भी अस्पताल गलत बिल न वसूलें, यदि जांच में बिल गलत पाए गए तो सख्त कार्रवाई होगी। सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।