विधायक के जुलूस में स्टंट और हुड़दंग मामले में केस
हापुड़। बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए धौलाना विधायक असलम चौधरी के समर्थन में सोमवार को बड़ी संख्या में समर्थकों ने हापुड़ से धौलाना तक जुलूस निकाला था। इस दौरान कारों और बाइकों पर जमकर स्टंटबाजी हुई और हुड़दंग मचाया गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सौ से डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बसपा से विधायक रहे असलम चौधरी हाल ही में लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में सपा में शामिल हो गए। सोमवार को वह हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे थे। यहां से कई गाड़ियों के साथ उनका काफिला धौलाना के लिए रवाना हुआ। रास्ते में समर्थकों ने गाड़ियों की छतों पर बैठकर डांस किया और हुड़दंग मचाया। स्टंट भी किए गए। इस दौरान एक बाइकों पर चार-चार लोग सवार थे। कई कारों पर विधायक का स्टीकर लगा हुआ था। इस कारण पिलखुवा में जाम भी लग गया। मंगलवार को अमर उजाला में समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लिया।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि यूपीएसआईडीसी चौकी प्रभारी संदीप कुमार की ओर से सौ से डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि विधायक असलम चौधरी का जुलूस निकाला गया था। बिना अनुमति के कोविड-19 की अनदेखी करते हुए यह जुलूस निकाला गया। प्राप्त वीडियो के आधार पर फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।