कार्तिक मेले में बनेंगे तीन जोन और 14 सेक्टर
हापुड़। कार्तिक मेले में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने इसे तीन जोन और 14 सेक्टर में बांटा है। मेले के सीमांकन के लिए ड्रोन की मदद ली जाएगी। जिला पंचायत ने भी मेले को भव्य बनाने की तैयारी कर ली है। वहीं एचपीडीए को कोविड रोकथाम के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिले में नौ नवंबर से ऐतिहासिक गढ़ गंगा मेले की शुरूआत हो रही है। शासन से निर्देश प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन मेले की तैयारियों में जुटा है। मेला स्थल को जिला प्रशासन की ओर से 14 सेक्टर में बांटा गया है। सभी सेक्टर में अधिकारियों को भी तैनात कर दिया गया है। हालांकि पुलिस विभाग ने मेले को 21 सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में एक थाना होगा। इसके अलावा मेले के सीमांकन के लिए ड्रोन की मदद ली जाएगी। दरअसल, वर्तमान में मेला स्थल पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ड्रोन से निरीक्षण के बाद अधिकारी अपनी तैयारियों में जुटे हैं।
गंगा आरती का लाइव होगा प्रसारण
मेले को भव्य बनाने में जिला प्रशासन जुटा है। मेले में प्रतिदिन होने वाली आरती का प्रसारण में मेले में जगह-जगह लगी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। मेले में कोई गुम न हो इसके लिए जगह-जगह संकेतक लगाए जाएंगे। मेले को भव्य बनाने के लिए लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
फसल कटवाने के दिए आदेश
मेला स्थल पर फिलहाल ईंख की फसल खड़ी है। ऐसे में मेले की तैयारियों रुकी हुई हैं। तैयारियों में कोई व्यवधान न हो, इसके लिए डीएम ने गढ़ एसडीएम और गन्ना अधिकारी को मेला स्थल पर फसल कटवाने के लिए निर्देशित किया गया है।
व्यवस्थाओं के लिए मजिस्ट्रेट तैनात
मेले में व्यवस्थाएं बनाने के लिए डीएम अनुज सिंह ने नौ नवंबर से 20 नवंबर तक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्य पर्व 19 नवंबर को है। मेले में तीनों जोन और 14 सेक्टरों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। सीडीओ उदय सिंह से मेले की संपूर्ण व्यवस्था के लिए प्रभारी व नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम गढ़ अरविंद कुमार द्विवेदी संपूर्ण मेला क्षेत्र में कानून व शांति व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। 25 अधिकारियों की सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात करते हुए उनके ड्यूटी स्थल पर निश्चित कर दिए हैं। इसके अलावा पांच अधिकारियों को रिजर्व में रखा गया है। जबकि तीन मजिस्ट्रेटों की तैनाती ब्रजघाट और गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर की गई है।