टीकाकरण की रफ्तार धीमी, लक्ष्य के आधे भी नहीं लग रहे टीके
हापुड़। कोरोना संक्रमण के कमजोर पड़ते ही लोग टीकाकरण से दूरी बनाने लगे हैं। लक्ष्य के आधे लोग भी बूथों पर नहीं पहुंच रहे हैं। जिससे अभियान की गति धीमी पड़ गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान भी चला रहा है, लेकिन लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं।
जिले में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। शुरूआत में टीके के लिए मारामारी मची रही, स्लॉट बुकिंग के बाद लोगों के नंबर आ रहे थे। कई दिन तक इसके लिए वेटिंग में भी लगना पड़ा। अब शासन से पर्याप्त वैक्सीन मिल रही है, बिना स्लॉट के ही टीकाकरण भी हो रहा है।
लेकिन लोग घरों से नहीं निकल रहे, आलम यह है कि स्वास्थ्य विभाग जो लक्ष्य तय करता है उसके आधे लोगों को भी टीके नहीं लग पा रहे हैं। पहला टीका 6.29 लाख लोग लगवा चुके हैं, लेकिन दूसरा टीका सिर्फ 2.20 लाख लोगों ने ही लगवाया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को मेसेज भेजकर टीका लगवाने का आग्रह किया जा रहा है। लेकिन लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी = कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। दोनों डोज अवश्य लगवाएं, बूथों पर बिना स्लॉट बुक कराए भी टीका लगवाया जा सकता है।