महापुरुषों के नाम पर होंगे हापुड़ के 21 पार्क
हापुड़। नगर पालिका क्षेत्र के 21 पार्कों के नाम महापुरुषों के नाम पर होंगे। मेरठ रोड स्थित आवास विकास के 19 पार्क व बुलंदशहर रोड के दो पार्कों को शामिल किया गया है। इन सभी का सुंदरीकरण कराया जा चुका है। वहीं इनके बेहतर रखरखाव की जिम्मेदारी सीनियर सिटीजन को सौंपी जाएगी।
नगर पालिका द्वारा अमृत योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्र के पार्कों का सुंदरीक रण कराया जा रहा है। इनमें मेरठ रोड स्थित आवास विकास के 19 पार्क और बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास के दो पार्कों का सुंदरीकरण हो चुका है। अब नगर पालिका ने पार्काें को अलग पहचान देने की कवायद शुरू की है। सभी 21 पार्कों का नाम महापुरुषों के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। इस प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।
इनके नाम पर होगा नामकरण
शहर के 21 पार्कों का नाम महात्मा गांधी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, अटल बिहारी वाजपेयी, सुभाष चंद बोस, अब्दुल गफ्फार खान, चंद्रशेखर आजाद, महारानी लक्ष्मीबाई, रानी अवंती बाई आदि महापुरुषों के नाम पर होगा। इससे पार्काें को भी अलग पहचान मिल सकेगी।
सीनियर सिटीजन पार्क लेंगे गोद
पार्कों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका इनकी देखरेख की जिम्मेदारी सीनियर सिटीजन को देगी। जिम्मेदारी को बखूबी निभाने वालों को पालिका द्वारा समय-समय पर सम्मानित भी किया जाएगा। हालांकि वर्तमान में भी शहर के पार्कों की देखरेख सीनियर सिटीजन द्वारा की जा रही है।
पूर्व राष्ट्रपति के नाम पर भी होगा एक पार्क
एपीजे कलाम सोसाइटी द्वारा लंबे समय से शहर में सड़क का नाम पूर्व राष्ट्रपति एपीजे कलाम के नाम पर कराने और उनकी प्रतिमा लगवाने की मांग की जा रही है। संस्था के चेयरमैन मोहम्मद दानिश कुरैशी बताया कि दोनों प्रस्ताव पालिका की बोर्ड बैठक में पास हो चुके हैं। अगर शहर में किसी पार्क का नाम एपीजे अब्दुल कलाम के नाम होता है तो सभी के लिए खुशी की बात होगी।
बोर्ड बैठक में रखेंगे प्रस्ताव
नगर पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत का कहना है कि शहर के 21 पार्कों का नाम महापुरुषों के नाम पर रखा जाएगा। आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। पार्कों को स्वेच्छा से सीनियर सिटीजन को भी गोद दिया जाएगा।