दस्तोई में युवक पर लाठी-डंडों से हमला
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव दस्तोई निवासी युवक के साथ गांव के ही लोगों ने आपसी रंजिश में हमला बोल दिया। जिसमें वह घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव दस्तोई निवासी प्रदीप प्रजापति ने बताया कि शनिवार को वह बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहा था। रास्ते में गांव निवासी आकाश, अनुज, अंकित व प्रमीत ने उसे जबरन रोक लिया। ये लोग उससे पुराने मामले को लेकर रंजिश रखते हैं। आरोप है कि इन लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उसके साथ गाली-गलौज कर दी। सोमवार सुबह वह दुकान से सामान खरीदकर ला रहा था। इस दौरान आरोपियों ने उसे दोबारा घेर लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।