पतंग की दुकान को सील करते कर्मचारी. संवाद
- फोटो : HAPUR
चीन का मांझा बेचने वाली चार दुकानें सील
हापुड़। एसडीएम सदर सत्यप्रकाश ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका और पुलिस टीम के साथ मांझे की दस दुकानों पर छापे मारे। चार दुकानों को ढाई बोरे मांझा मिलने की वजह से सील कर दिया गया। चार दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। इनके खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है।
चीन के मांझे से आए दिन दुर्घटना हो रही हैं। कई लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। प्रतिबंध के बावजूद पतंगबाजी के लिए इस चीन के मांझे की बिक्री जिले में खुलेआम हो रही थी। बृहस्पतिवार को एसडीएम सत्यप्रकाश के नेतृत्व में नगरपालिका और पुलिस की टीम ने कोठी गेट, पुराना बाजार, तगासराय, मेरठ गेट, रफीकनगर में करीब दस दुकानों पर छापे मारे। एसडीएम सत्यप्रकाश ने बताया कि चार दुकानों पर ढाई बोरा चीन का मांझा बरामद हुआ। प्रशासन ने मांझे की बोरी जब्त कर दुकानों को सीज कर दिया। इस दौरान चार लोगों द्वारा इसका विरोध किया गया। जिनका पुलिस ने शांति भंग में चालान भी किया गया। इन आरोपियों में मोहम्मद तारिक निवासी पीर बाहुद्दीन, शिवा सक्सेना निवासी मेरठ गेट पुलिस चौकी, नितिन निवासी तगासराय व आबिद निवासी पुराना बाजार शामिल हैं।