अन्न महोत्सव: पहले दिन दस हजार राशन के बैग बांटे
हापुड़। अन्न महोत्सव पर जिले की कुल 399 दुकानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा प्रसारण किया गया। राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, विधायक विजयपाल आढ़ती, जिपं अध्यक्ष रेखा नागर सहित जनप्रतिनिधियों ने जगह जगह कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जबकि मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, डीएम अनुज सिंह सहित अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिले में पहले दिन दस हजार राशन के बैग वितरित किए गए।
आवास विकास में आयोजित कार्यक्रम में सांसद कांता कर्दम ने कहा कि कोरोना संकट के काल के बाद से लोगों को मुफ्त राशन वितरित किए जाने की योजना को लोगों द्वारा लगातार सराहा जा रहा है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विनीत दीवान भी मौजूद रहे। सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि सरकार सबका साथ सबके विकास के आधार पर कार्य कर रही है। दुकानों को फूल मालाओं से सजाया गया था और लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। जिले में पहले दिन दस हजार राशन के बैग वितरित किए गए। जबकि दस हजार और बैग जिले को मिल गए हैं। इनका वितरण भी जल्द कर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने किया दुकानों का निरीक्षण
जिले की राशन की दुकानों पर किसी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए डीएम अनुज कुमार ने सभी अधिकारियों की ड्यूटी विभिन्न दुकानों के निरीक्षण के लिए लगाई हुई थी। मंडलायुक्त सुरेंद्र कुमार भी हापुड़ पहुंचे और जिले में चार दुकानों टियाला, असौड़ा, गोहरा, आवास विकास का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने राशन डीलरों को निर्देश दिए कि दुकानों पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कहा, अनियमितता पाई गई तो कार्रवाई होगी। निरीक्षण करने वालों में सीडीओ उदय सिंह, एडीएम जयनाथ यादव, एसडीएम सत्यप्रकाश आदि मौजूद रहे।