54 करोड़ से बनेंगी सात सड़कें, 50 गांवों को मिलेगी राहत
हापुड़। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 54 करोड़ से जिले में सात सड़कों का निर्माण होगा। विभाग की तरफ से यूपीआरआरडीए (उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास संस्थान) को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इन सड़कों से निर्माण से जिले के करीब 50 गांवों को लाभ मिलेगा। अधिकारी अगले माह से सड़कों के निर्माण का दावा कर रहे हैं।
शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के मुख्य मार्गों के निर्माण पर सरकार ज्यादा ध्यान दे रही है। सभी निर्माण विभागों द्वारा सड़कों के प्रस्ताव बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले की सात सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसमें हापुड़ ब्लॉक की तीन, धौलाना और गढ़ की दो-दो सड़कों का निर्माण होना है। कुल 50 किमी लंबाई की सड़कें बनाई जाएंगी। इनकी चौड़ाई तीन से 3.75 मीटर बढ़ाकर इनका चौड़ीकरण भी कराया जाएगा। इनके निर्माण में 54 करोड़ की लागत आएगी। सड़कों के निर्माण के लिए विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन में यूपीआरआरडीए को भेज दिया गया है। उम्मीद है कि अगले एक माह में इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस वर्ष के अंत तक सभी सड़कों का निर्माण हो जाएगा।
अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई : योजना के तहत सात मुख्य सड़कों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। अगले एक माह में सभी सड़कों का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
इन सड़कों का होगा निर्माण
1. हापुड़ में निजामपुर से मेरठ बदायूं मार्ग वाया रघुनाथपुर, पूठा हुसैनपुर, हाफिजपुर उबारपुर मार्ग
2. बुलंदशहर हाईवे से करीमपुर भाईपुर नान मार्ग और बुलंदशहर हाईवे से भटियाना, बड़ौदा सिहानी से सपनावत मार्ग
3. बुलंदशहर हाईवे से डीडीजी मार्ग (सपनावत)
4. गढ़ मेरठ मार्ग से गंग नहर होते हुए झड़ीना मार्ग
5. गढ़ स्याना मार्ग से सदरपुर से रजापुर मार्ग
6. पिलखुवा धौलाना मार्ग से देहरा वाया जादोपुर, बझेड़ा खुर्द मार्ग
7. पिलखुवा धौलाना मार्ग से गालंद वाया हावल, मादापुर व भोवापुर मार्ग