फर्जी कागजात तैयार करा बेची किसान की जमीन, निकाला लोन
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की जमीन के कुछ शातिर लोगों ने फर्जी कागजात तैयार करा बेच दी। इतना ही नहीं बैंक में साठगांठ कर उस जमीन पर लोन भी निकाल लिया। पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने बैंक के शाखा प्रबंधक समेत चार नामजद व कुछ अज्ञात बैंक कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना देहात क्षेत्र के गांव सूदना निवासी सलेक चंद ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम कर परिवार का पालन पोषण करता आ रहा है। गांव निवासी कुछ लोगों व उनके साथियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसकी जमीन बेच दी है। इतना ही नहीं इन लोगों ने बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों की मदद से जमीन पर करीब दो लाख रुपये का बैंक लोन भी निकाल लिया है। मामले की जानकारी पर पीड़ित के होश उड़ गए।
पीड़ित ने मामले की शिकायत करने इन लोगों के घर पहुंचा। उन्होंने पीड़ित के साथ गाली गलौज की और हत्या की धमकी देकर भगा दिया। मंगलवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर गांव असौड़ा स्थित इंडियन बैंक की शाखा के प्रबंधक, गांव सुदना निवासी ब्रह्मपाल, बसंत, दीपू, जनपद मेरठ के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के सैनिक नगर कसमपुरा निवासी रविंद्र व बैंक के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।