धौलाना में प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
धौलाना/हापुड़। धौलाना के सौलाना बस स्टॉप पर बिरयानी खा रहे एक प्रॉपर्टी डीलर की चार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया तो उन्होंने उनके ऊपर भी फायर झोंक दिए। हवाई फायरिंग कर बदमाश बाइकों से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त की। पुलिस के अनुसार चुनावी रंजिश और एक व्यक्ति से दस लाख रुपये के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या की गई है।
थाना क्षेत्र के कस्बा धौलाना में सौलाना मोड़ पर बस स्टॉप के पास एक व्यक्ति बिरयानी बेचता है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के आसपास पहले दो बाइकों पर सवार तीन युवक यहां आकर रुके और किसी के आने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान एक कार से दो युवक भी यहां पहुंच गए और उन्होंने बिरयानी का आर्डर दिया। जब दोनों युवक बिरयानी खाने लगे तभी बाइक पर तीन युवकों ने बिरयानी खा रहे एक युवक ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े वारदात से बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनकी तरफ भी फायर झोंक दिए। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। इसके बाद बदमाश हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं बदमाशों के साथ कार में सवार होकर आया युवक भी फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान कर रही है।
हत्या की सूचना पर थाना प्रभारी धमेंद्र कुमार कुमार के अलावा एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ तेजवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान बुलंदशहर जनपद के गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव विलायतनगर निवासी संजय चौधरी के रूप में हुई। वर्तमान में वह बुलंदशहर में शांति निकेतन मोहल्ले में परिवार के साथ रहता था। संजय का प्रॉपर्टी डीलिंग और ठेकेदारी का काम है।
मृतक के भाई ने गांव के ही तीन नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। परिजनों के अनुसार मृतक की गांव के ही दो लोगों से चुनावी रंजिश चल रही थी। जबकि बुलंदशहर निवासी एक व्यक्ति से दस लाख रुपये के लेनदेन और गांव के ही दो लोगों से चुनावी रंजिश को लेकर विवाद था। इन तीनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -नीरज कुमार जादौन, एसपी, हापुड़।