सिंभावली मिल ने तोड़ा वादा, नहीं किया पुराना भुगतान
हापुड़। सिंभावली शुगर मिल ने प्रशासन, गन्ना विभाग और किसानों के साथ किए भुगतान के वादे को तोड़ दिया है। जिला मुख्यालय पर चार फरवरी में आयोजित बैठक में सिंभावली व ब्रजनाथपुर मिल के प्रबंधकों ने 28 फरवरी तक पुराने सत्र के भुगतान का वादा किया था। इसमें से ब्रजनाथपुर में भुगतान कर दिया लेकिन सिंभावली मिल पर अभी भी बीते सत्र का 54 करोड़ बकाया है।
जिले में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती की जाती है। लेकिन यहां के शुगर मिलों की गलत भुगतान नीति से किसान खासे परेशान हैं। आलम यह है कि वर्तमान सत्र में किसान 60 फीसदी से अधिक गन्ने की सप्लाई मिलों को कर चुके हैं। लेकिन यहां के मिल अभी भी किसानों के बीते सत्र का भुगतान अटकाए हुए हैं।
भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं के कहने पर जिला प्रशासन द्वारा चार फरवरी को जिला मुख्यालय पर एक बैठक बुलाई गई थी। इसमें किसान, शुगर मिल और गन्ना विभाग के अधिकारी शामिल रहे। एडीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सिंभावली शुगर मिल ने 28 फरवरी तक सत्र 2019-20 का पूरा भुगतान करने का वादा किया था, उस समय मिल पर 106 करोड़ रुपये बकाया था। जबकि बृजनाथपुर मिल ने 15 फरवरी तक भुगतान का वादा किया था, उस समय मिल पर 23 करोड़ की बकायेदारी थी।
दोनों ही मिल निर्धारित तिथि पर भुगतान का वादा पूरा नहीं कर सके। हालांकि देर से ही सही पर बृजनाथपुर मिल ने हाल ही में बीते सत्र का पूरा भुगतान कर दिया है। लेकिन सिंभावली मिल पर अभी भी 54 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है।
बहरहाल, इस मामले में भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने डीएम से मिलकर, मिलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाने की बात कही है। साथ ही वर्तमान पेराई सत्र का भुगतान कराने की भी मांग उठाई गई है।
केंद्र सरकार से जिले के शुगर मिलों को सब्सिडी मिलने की बात कही जा रही है, जिसका इंतजार है। सिंभावली मिल को 42 करोड़, जबकि बृजनाथपुर को करीब पांच करोड़ की सब्सिडी अभी मिलनी है। इस सब्सिडी से सीधे किसानों का भुगतान होगा, ऐसे में यदि जल्द सब्सिडी मिल गई तो पुराने सत्र का पूरा भुगतान किया जा सकेगा। बता दें कि सिंभावली मिल को करीब 21 करोड़ की सब्सिडी मिल भी चुकी है, जिससे भुगतान कराया गया है।
भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष पवन हूण ने कहा कि शुगर मिल जिला प्रशासन के समक्ष किए वादे को भी पूरा नहीं कर रहे हैं। जल्द ही डीएम से इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मिला जाएगा। भुगतान नहीं होने पर मिलों पर धरना प्रदर्शन भी होगा।
जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता का कहना है कि बृजनाथपुर शुगर मिल ने बीते सत्र का पूरा भुगतान कर दिया है। सिंभावली मिल को कड़े निर्देश दिए गए हैं, जल्द ही नए सत्र का भुगतान भी शुरू करा दिया जाएगा।