धौलाना पुलिस को जंगल में पिस्टल बरामद कराने जाते आशु जाट
- फोटो : HAPUR
आशु जाट को पुलिस ने सात घंटे की कस्टडी रिमांड पर लिया
धौलाना/ हापुड़। भाजपा नेता राकेश शर्मा और पन्नाप्रमुख चंद्रपाल की हत्या के मामले में बुधवार को धौलाना पुलिस ने ढाई लाख के ईनामी कुख्यात आशु जाट को कोर्ट से सात घंटे की कस्टडी रिमांड पर लिया है। इस दौरान पुलिस ने आशु की निशानदेही पर गांव करनपुर जट्ट के जंगल से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी से हत्या के संबंध में कड़ी पूछताछ की। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
मिर्ची गैंग डी-112 के सरगना आशु जाट ने ही 25 मई 2019 को अपनी सुसराल करनपुर जट्ट में पड़ोस में रहने वाले पन्ना प्रमुख चंद्रपाल सिंह निवासी करणपुर जट्ट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद इस मामले में पैरवी कर रहे गांव के ही भाजपा नेता राकेश शर्मा की भी आशु ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तभी से वह फरार चल रहा था और ढाई लाख के ईनाम की घोषणा के बाद हाल ही में मुंबई से उसकी गिरफ्तारी की गई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने बुधवार सुबह कोर्ट से सात घंटे की कस्टडी रिमांड मांगी थी। जिसके बाद पुलिस आशु को कस्टडी में लेकर धौलाना पहुंची। पूछताछ करने पर आशु जाट ने इन दोनों हत्याओं के संबंध में काफी जानकारी दी। उसने बताया कि चंद्रपाल और उसके ससुरा से विवाद के बाद उसने पहले चंद्रपाल और इसके बाद उस मामले की पैरवी कर रहे राकेश शर्मा की हत्या कर दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सपनावत रजवाहा के पास के जंगल से राकेश शर्मा की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली। उसने पिस्टल जंगल में छिपाई थी। पुलिस की माने तो पूछताछ के दौरान पुलिस को अन्य महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं। हालांकि पुलिस अभी इससे अधिक जानकारी देने से बच रही है।
रिमांड का समय पूरा होने के बाद आशु को एक बार फिर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक बार फिर जेल भेज दिया गया।