किशोरी को दी तेजाब डालने की धमकी
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने किशोरी को तेजाब डालने की धमकी दी है। जिससे किशोरी और उसके परिजन डरे हुए हैं। किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है। जिसमें बताया कि गांव का ही रहने वाला युवक काफी समय से रास्ते में उसकी 14 वर्षीय बेटी के साथ अश्लील हरकतें करता है। विरोध करने पर आरोपी ने कई बार उसे तेजाब डालकर झुलसाने की धमकी भी दी है। 3 जून की सुबह आरोपी उसके घर में घुस आया, जिसने बेटी के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे कमरे में खींचने की कोशिश की। शोर मचाने पर परिजन कमरे में पहुंचे, तो आरोपी अपना मोबाइल छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़ित ने बताया कि जब परिजन इस संबंध में शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे, तो उन्होंने भी अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं सोमवार की देर शाम आरोपी उसके घर में दोबारा घुस गया। जिसने उसकी बेटी से दुष्कर्म की कोशिश की, विरोध करने पर पिटाई करते हुए दुपट्टे से उसका गला दबाने का भी प्रयास किया। हंगामा होने पर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने उसकी बेटी को बचाया। पीड़ित ने आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सिंभावली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है। संवाद