गढ़ की नानपुर पुलिस चौकी का घेराव करते ग्रामीण।
- फोटो : GARH
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत पर हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। मेरठ रोड पर मंगलवार की रात गढ़ से गांव लौटने के दौरान अज्ञात कार की टक्कर लगने से नानपुर निवासी दो बाइक सवार लोगों की मौत हो गई थी। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नानपुर पुलिस चौकी का घेराव किया और आरोपी कार चालक को गिरफ्तार करने की मांग की।
मंगलवार की रात करीब आठ बजे नानपुर निवासी राजू अपने साथ मदन शर्मा निवासी देवली थाना सिंभावली के साथ गढ़ से लौट रहे थे। जैसे ही वह मेरठ रोड पर गांव हिरनपुरा के पास पहुंचे तो पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद चालक कार समेत हादसे के बाद वहां से भाग निकला। जिसकी सूचना मिलने पर गुस्साए मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह नानपुर पुलिस चौकी का घेराव किया। ग्रामीणों ने चालक और कार की बरामदगी की मांग की। करीब आधा घंटे तक ग्रामीणों ने चौकी पर हंगामा किया, सूचना मिलने पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी रघुराज सिंह ने गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर शांत किया और आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया।
गढ़ कोतवाली पुलिस का कहना है कि कार को बरामद कर लिया है, जल्द ही चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा परिजनों की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया, मामले की जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी। संवाद