ससुरालियों की पिटाई से महिला का गर्भपात
गढ़मुक्तेश्वर। महिला ने पति और ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर पिटाई करने का आरोप लगाया है, जिससे उसका दो माह का गर्भपात हो गया। पीड़िता की तहरीर पर 5 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिंभावली क्षेत्र लिसड़ी निवासी कविता ने थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि उसकी शादी फरवरी 2020 में जनपद मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर नारायण निवासी कुलदीप के साथ हुई थी। महिला ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में 5 लाख रुपये और कार की मांग करना शुरू कर दिया। जिसे पूरा न कर पाने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। 23 मार्च को आरोपियों ने उससे मायके जाकर कार और पैसे लाने के लिए कहा, जिससे उसने इंकार कर दिया। गुस्साए आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए दुपट्टे का फंदा बनाकर उसकी हत्या की कोशिश की। पीड़िता का कहना है कि वह दो माह की गर्भवती थी, मारपीट से उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता ने आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सिंभावली पुलिस का कहना है कि पति कुलदीप, ससुर ओमकार शर्मा, सास माया, ननद राखी और रूबी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद