न विद्युत लाइन न खंभा, ऊर्जा निगम ने भेजा एक लाख का बिल
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के अक्खापुर गांव निवासी ब्रजपाल को ऊर्जा निगम ने बिना कनेक्शन लिए एक लाख आठ हजार रुपये का नोटिस भेजा है। इस संबंध में भाजपा मंडल महामंत्री राकेश कर्दम ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा एससी/एसटी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राकेश कर्दम ने बताया कि ब्रजपाल के मोहल्ले में न तो ऊर्जा निगम द्वारा खंभे लगाए गए हैं और न ही विद्युत लाइन खींची हुई है। ब्रजपाल के घर पर बिजली कनेक्शन भी नहीं है। इसके बावजूद भी ऊर्जा निगम द्वारा एक लाख 8 हजार रुपये का बिल भेज दिया है। जबकि ग्राम प्रधान और जेई ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उस क्षेत्र में अभी विद्युत लाइन नहीं है। वर्ष 2015 में की गई शिकायत के बाद तत्कालीन डीएम ने ऊर्जा निगम के एक्सईएन को कनेक्शन व बिल समाप्त करने का निर्देश दिया था। लेकिन निगम के अधिकारी व कर्मचारी डीएम के आदेशों की भी अवहेलना कर रहे हैं। लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद भी आज तक कनेक्शन और बिल समाप्त नहीं किया गया है। जिससे किसान मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान है। राकेश कर्दम ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में मामले की सहीं ढंग से जांच कराते हुए पीड़ित का बिजली का बिल समाप्त कराने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एक्सईएन केपी पुरी का कहना है उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है, शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद