छात्र ने ऑर्डर किया मोबाइल, भेजा डमी
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में एक छात्र के साथ वेबसाइट पर डाले गए विज्ञापन के माध्यम से हजारों रुपये की ठगी हो गई। छात्र ने वेबसाइट पर मोबाइल ऑर्डर किया था, लेकिन उसे डमी दे दिया गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अमरोहा के थाना डिडौली के गांव नंगला निवासी अनुभव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सिंभावली के किसान डिग्री कॉलेज में बीएससी का छात्र है। चार दिन पूर्व उसके फोन पर एक वेबसाइट पर विज्ञापन आया, जिस पर एक बिक्री के लिए एंड्राइड फोन था। जिसको देख उसने ऑनलाइन ऑर्डर कर 15 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार को जब वह कॉलेज पर मौजूद था, एक कोरियर कंपनी के कर्मी का डिलीवरी के लिए फोन आया, जिसके बाद उसने अपना कोरियर प्राप्त कर लिया और कर्मचारी वहां से चला गया। कर्मी के जाने के बाद जब उसने पैकिंग खोलकर देखी तो उसमें फोन की जगह पर मोबाइल की डमी मिली। पीड़ित ने वेबसाइट पर दिए गए ग्राहक हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया तो कॉल नहीं मिल पाई।
सिंभावली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही ऑनलाइन ठगी करने वालों को पकड़ लिया जाएगा।