बाइक सवार बदमाशों ने महिला के कुंडल और चेन लूटे
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से बाइक सवार बदमाशों ने कुंडल और चेन लूट ली। महिला को जान से मारने की धमकी देकर बदमाश फरार हो गए। जिसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बड्ढा निवासी सोना ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह गांव किनारे मध्य गंग नहर पटरी पर गोबर डालने के लिए जा रही थी, इस दौरान पीछे से एक बाइक आई, जिस पर सवार दो बदमाशों ने महिला को रोक लिया और कानों से कुंडल उतरवा लिए, जब पीड़िता ने कुंडल लूटने का विरोध किया तो उसके गले में पड़ी चेन भी लूट ली। इस बीच महिला ने शोर मचाया तो बदमाश मारपीट करते हुए वहां से जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। जिसके बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती सुनाई और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सिंभावली थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सिंभावली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।