चेक पोस्ट पर लापरवाही बरती तो होगी कार्रवाई
गढ़मुक्तेश्वर। एसपी ने हाईवे किनारे बदरखा नहर चौकी का उद्घाटन किया। नहर पटरी किनारे चौकी पर पुलिसकर्मियों की तैनाती से अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र में नहर पटरी पर पुलिस चैक पोस्ट न होने के चलते क्राइम कर अपराधी नहर पटरी के रास्ते से होकर निकल जाने में कामयाब हो जाते थे। जिसके चलते उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद स्याना चौराहा और बदरखा नहर पटरी पर पुलिस चेक पोस्ट का निर्माण कराया गया। सोमवार की देर शाम करीब आठ बजे एसपी दीपक भूकर ने नेशनल हाईवे पर बदरखा नहर पटरी किनारे बनाई गई चेक पोस्ट का उद्घाटन किया। उद्घाटन करने के दौरान एसपी दीपक भूकर ने कहा कि जनपद में विभिन्न स्थानों पर चेक पोस्ट बनाई गई हैं, जिन पर 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इससे जनपद व क्षेत्र में क्राइम कंट्रोल समेत अपराधियों की धरपकड़ में काफी आसानी होगी। वहीं उन्होंने चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस मौके पर सीओ पवन कुमार, इंस्पेक्टर अजय चौधरी, चौधरी कालू पावटी, शादाब चौधरी, सुनील त्यागी, हाजी आरिफ, मास्टर हसीन, नौजर अनवार, राशिद प्रधान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।