पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने वाले तीन युवकों पर केस
गढ़मुक्तेश्वर। देशी शराब के दुकान के सेल्समैन को डरा धमकाकर खुद को पुलिसकर्मी बताकर हजारों रुपये की वसूली करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के गांव कठसारी निवासी बिजेंद्र ने कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि वह गढ़ नगर में मेला रोड पर एक देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन है। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन से तबीयत खराब चल रही थी, जिसकी दवाई उसने शराब की दुकान पर ही रखी हुई थी। 15 अगस्त को ड्राई डे वाले दिन वह अपनी दवाई लेने शराब की दुकान पर पहुंच गया और वहां से दवाई लेकर लौटने लगा। इसी दौरान दुकान के बाहर एक कार आकर रुकी। कार के डेसबार्ड पर पुलिस की कैप भी रखी हुई थी। जिसमें गढ़ नगर के मोहल्ला राजीव नगर निवासी गोलू, मुकेश और एक अज्ञात युवक सवार थे। जिसमें गोलू ने कार से उतरकर सेल्समैन को रोक लिया और बोला कि ड्राई डे वाले दिन शराब बेचता है और खुद को पुलिस में बताते हुए धमकी देने लगा और पीड़ित की जेब में रखी 8 हजार पांच सौ रुपये की नकदी निकाल ली। पीड़ित ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस बनकर धमकी देना और अवैध वसूली करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।