ईद मनाने घर जा रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत
हापुड़। एनएच-9 पर स्थित गांव मंसूरपुर कट के पास रविवार सुबह ईद मनाने घर जा रहे बाइक सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनों युवक दोस्त थे। तीनों दिल्ली में रहकर काम करते थे और एक ही मकान में किराये पर रहते थे।
जिला रामपुर के थाना शाहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला कानून गोयान निवासी आमिर, मोहल्ला फर्राशान निवासी शाहरुख और जिला बरेली के थाना सिरौली क्षेत्र के मोहल्ला कौआ टोली निवासी ईदुल दिल्ली में काम करते थे। आमिर कारपेंटर, जबकि ईदुल और शाहरूख लिफ्ट की मरम्मत का कार्य करते थे। तीनों दिल्ली के शास्त्री पार्क क्षेत्र में एक साथ कमरा लेकर रहते थे।
रविवार सुबह तीनों एक ही बाइक से दिल्ली से अपने घर जा रहे थे। एनएच-9 स्थित गांव मंसूरपुर कट के पास पहुंचने पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आमिर और शाहरूख की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ईदुल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। मृतकों की पहचान के साथ गंभीर रूप से घायल को अस्पताल भिजवाया जहां उपचार के दौरान ईदुल ने भी दम तोड़ दिया।
सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि दुर्घटना किस वाहन से हुई इसकी पहचान की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही संबंधित वाहन को पकड़ लिया जाएगा।