संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गांव भोवापुर में चोरों ने बंद पड़े दो मकानों से लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि गांव भोवापुर निवासी दीपक कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रहकर सैलून चलाते हैं। उनके माता-पिता गांव में बने मकान में रहते हैं। एक अप्रैल को उनके माता-पिता किसी काम से हापुड़ चले गए। तीन अप्रैल को पड़ोसी ने सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जिसके बाद वह घर पहुंचा, तो देखा कि उसके घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। पीडि़त के अनुसार चोर उसके घर से लाखों रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गए। इसके अलावा गांव के ही रहने वाले अनुज कुमार के घर से भी चोरी की घटना हुई है।
सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। रिपोर्ट दर्ज करने के कुछ ही घंटे बाद चोरी के आरोपी रोहित निवासी भोवापुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए आभूषण व अन्य सामान बरामद हुआ है। जिसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।