पिलखुवा। पबला रोड स्थित दिनेश नगर कॉलोनी के लोग प्रतिमाह मेंटेनेंस चार्ज देने के बाद भी सुरक्षित नहीं है। दो फ्लेटों में आठ सांप निकलने से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है।
गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद अतुल गर्ग ने 2010 में कॉलोनी को स्थापित किया था। इसमें 1450 फ्लेट, प्लॉट और दुकानें है। हालांकि जुलाई 2023 से कॉलोनी की देखरेख, सड़क निर्माण, सुरक्षा समेत अन्य सभी कार्य दिनेश नगर अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए एसोसिएशन प्रत्येक फ्लेट, दुकान एवं प्लॉट से बिजली के अलावा 1200 रुपये प्रतिमाह वसूलती है। इसके बावजूद भी कॉलोनी की खुली नाली, सीवर एवं जर्जर सड़क हादसों को न्योता दें रही है। कॉलोनी की चाहरदीवारी क्षतिग्रस्त होने के कारण सोमवार को टॉवर 9 के फ्लेट नंबर सी 065 निवासी शुभम और ए 066 निवासी सोनू शर्मा के फ्लेट में नाली के रास्ते आठ सांप आ गए। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांपों को पकड़ा। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हरेश मित्तल ने बताया कि कॉलोनी के चारों तरफ जंगल है, इसलिए सांप का निकलना कोई बड़ी बात नहीं है। कॉलोनी की सडक़ों को गड्ढा मुक्त कराया जा रहा है। सुरक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।